बेसिक स्कूलों में पढ़ाई का नया अंदाज, गणित-विज्ञान से दूर हो रहा बच्चों का डर, जानिए क्या है सुपर-50 ग्रुप
बरेली में बेसिक स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए बने सुपर-50 लर्निंग कम्युनिटी ग्रुप का असर दिखने लगा है। इस लर्निंग ग्रुप से जुड़े शिक्षक बच्चों को गैर परंपरागत तरीकों से पढ़ाते हैं।
शिक्षण के नए अंदाज ने बच्चों के मन से गणित-विज्ञान जैसे विषयों का भी डर कम हो रहा है।
ऑपरेशन कायाकल्प के बाद बेसिक स्कूलों के भौतिक स्वरूप में तो सकारात्मक बदलाव आ चुका है मगर शैक्षिक गुणवत्ता की स्थिति बेहतर करने की चुनौती बरकरार है। शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सुपर 50 लर्निंग कम्युनिटी ग्रुप का गठन किया। इस ग्रुप में ऐसे शिक्षकों को जोड़ा गया जिन्होंने अभी तक नवाचार के क्षेत्र में खासा नाम कमाया है। यह शिक्षक बच्चों को गैर पारंपरिक तरीकों से पढ़ाते हैं। उनको सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते हैं।
आसपास के परिवेश से भी जोड़ते हुए विषय वस्तु को समझाते हैं। गणित और विज्ञान का डर निकालने के लिए विभिन्न तरह के प्रयोगात्मक कार्य कराते हैं। इन सब चीजों का सकारात्मक असर नजर आ रहा है। इन स्कूलों के बच्चे निपुण परीक्षा में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इन स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति, मिड डे मील की गुणवत्ता, सफाई आदि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ऐसे कराई जा रही पढ़ाई
खेल खेल में पढ़ाई पर फोकस
किताबी ज्ञान के इतर आसपास के परिवेश से पढ़ाई
मॉडल बनाकर विषय को समझाना
लैपटॉप-स्मार्टफोन की मदद से पढ़ाई कराना
वीडियो के माध्यम से विषय समझाना
विज्ञान-गणित को खेल से जोड़ना
छात्रों में अखबार पढ़ने की आदत डालना
छात्रों में आत्मविश्वास पैदा करना