मजेंटा पिंक और भूरे रंग की होंगी यूपी बोर्ड की कॉपियां, उत्तर पुस्तिकाओं की छपाई का काम शुरू
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए कॉपियों का रंग एक बार फिर से बदला गया है। इस बार हाईस्कूल की काॅपियां मजेंटा पिंक (रानी व गुलाबी रंग का मिश्रण) और इंटरमीडिएट की भूरे रंग की होंगी।
इसके अलावा कई और बदलाव किए गए हैं।
सभी बदलाव के साथ कॉपियों की छपाई का काम शुरू हो गया है। छपाई के बाद फरवरी तक सभी जिलों में कॉपियां पहुंचा दी जाएंगी। नकल की दुष्प्रवृत्ति और अनावश्यक प्रयोग को रोकने के लिए 2023 से कॉपियां रंगीन कर दी गई हैं।
हर वर्ष कॉपियों का रंग बदला जाता है, जिससे अगले वर्ष कोई इसका प्रयोग न कर सके। यह कॉपियां बाजार में भी नहीं मिलेंगी। गवर्नमेंट प्रेस में इसे छपवाकर जिलों को भेजा जाएगा। इस वर्ष हाईस्कूल की ए काॅपी मजेंटा पिंक और बी काॅपी लाल रंग की होगी।
इंटरमीडिएट की ए काॅपी भूरे रंग की और बी काॅपी वॉयलेट (बैंगनी) रंग की होगी। इसके अलावा काॅपियों की अदला-बदली रोकने के लिए एक और कदम उठाया गया है। अगर कोई बच्चा बी काॅपी लेता है तो उसे उसमें ए काॅपी के क्रमांक लिखने होंगे।
अनुक्रमांक और परीक्षा तिथि लिखने के लिए वर्गाकार गोले बनाए गए हैं। यूपी बोर्ड का लोगो पहले काॅपी के तीसरे और दसवें पेज के बीच में होता था, उसे अब सबसे ऊपर कर दिया गया है। काॅपियों के ऊपर बायीं ओर आईबी-25 का छिद्रण किया जाएगा।
पहले और आखिरी पेज पर बारकोड भी रहेगा। इससे अगर कोई काॅपी बाहर ले गया तो उसे पकड़ लिया जाएगा। सभी कॉपियों के पेज 20-20 लाइनों के होंगे। हाईस्कूल की ए काॅपी 16 और इंटरमीडिएट की 20 पेज की होगी।
इसके अलावा दोनों की बी काॅपी 12-12 पेज की होगी। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 30 सितंबर तक पंजीकरण हुआ है। हाईस्कूल में 27,40,151 और इंटरमीडिएट में 26,98,446 यानी कुल 54.38 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं। इन परीक्षार्थियों के लिए 4.08 करोड़ कॉपियां छपवाई जा रही हैं। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं।
