जानी-मानी हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
दिग्गज कारोबारी हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- घड़ी ने टिक-टिक बंद कर दी है। टाइटन का निधन हो गया। रतन टाटा ईमानदारी, नैतिक लीडरशिप और परोपकार की एक मिसाल थे। उन्होंने व्यापार के अलावा इससे परे की दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वह हमारी स्मृतियों में सदैव शिखर पर रहेंगे। इसके अलावा राजनीति जगत से भी लोगों ने रतन टाटा को याद किया। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रतन टाटा का निधन अपूरणीय क्षति है।
बता दें कि सोमवार को रतन टाटा के आधिकारिक एक्स हैंडल से स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को अफवाह बताया गया था। हालांकि, अब रतन टाटा के निधन की पुष्टि हो गई है।
मुर्मु, मोदी और योगी समेत दिग्गजों ने जताया शोक
उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत मंत्रियों, नेताओं और उद्योग जगत के दिग्गजों ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी दिग्गज कारोबारी, करुणामय व्यक्ति और असाधारण इंसान थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें उद्योग जगत का महानायक और सच्चे अर्थों में देश का रतन बताया।

